अनूप धीमान धर्मशाला,
राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने आज अप्पर बड़ोल स्थित हार्मनी डे केयर सेंटर में आयोजित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों, अभिभावकों तथा शिक्षकों से संवाद कर उनके प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना की।
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चों के सशक्तिकरण में समाज की भूमिका महत्वपूर्ण है। यह बच्चे अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सुदृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक वर्ग की है।
उन्होंने हार्मनी डे केयर सेंटर द्वारा विशेष बच्चों के कल्याण, शिक्षा एवं समग्र विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए अपनी सांसद निधि से संस्था को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही, सेंटर के भवन निर्माण संबंधी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन भी दिया।
समारोह के दौरान विशेष बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर सांसद अनुराग शर्मा ने उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।
इस अवसर पर सेंटर प्रबंधन ने सांसद अनुराग शर्मा को शाॅल, हिमाचली टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता एवं अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति कांगड़ा विक्रमजीत शर्मा, पार्षद अनुराग, हार्मनी डे केयर सेंटर के अध्यक्ष प्रशांत भसीन, आर.पी. चोपड़ा, डॉ . ललित मोहन शर्मा, कुलदीप बंटा, शुभ्रा गुप्ता, विशाल निवेतिया, रविका गुरुंग, शिल्पा खींची सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











